रिया, जो बैंकर है, ने एक अपार्टमेंट खरीदने के लिए जरूरी धनराशि जमा करने के उद्देश्य से दो साल पहले एक एंडोमेंट प्लान खरीदा था। पिछले दो वर्षों में, उसकी देनदारियाँ इतनी बढ़ गई हैं कि वह प्रीमियम का भुगतान नहीं कर सकती है, और साथ ही, उसे अब अपार्टमेंट की आवश्यकता भी महसूस नहीं होती है। अब जब एंडोमेंट प्लान के लिए भुगतान करना व्यर्थ लगता है, तो वह इसे बंद करने का फैसला करती है।
हम पॉलिसी को बंद करने को "पॉलिसी सरेंडर" कहते हैं। अब, क्या उसे पहले से भुगतान किए गए प्रीमियम के लिए कोई रिटर्न मिलेगा? पॉलिसी बेनिफिट्स क्या होगा?
पिछले अध्यायों में, हमने एक एंडोमेंट प्लान की विभिन्न विशेषताओं और विशिष्टिताओं पर चर्चा की और बताया कि आप इसे कैसे खरीद सकते हैं। अब, हम पड़ताल करेंगे कि जब आप किसी पॉलिसी को सरेंडर करना चाहते हैं तो क्या होता है और इससे बेनिफिट्स कैसे प्रभावित होते हैं।
एंडोमेंट प्लान को सरेंडर करने का क्या मतलब है?
एंडोमेंट पॉलिसी को उसकी मैच्योरिटी तिथि से पहले वापस लेने या बंद करने को पॉलिसी सरेंडर करना कहा जाता है।
यदि आप पॉलिसी समाप्त करना चाहते हैं, तो आपको बीमाकर्ता को तुरंत सूचित करना होगा। कृपया ध्यान रखें कि यदि आप अपने प्रीमियम का भुगतान करना बंद कर देते हैं और अपने बीमाकर्ता को सूचित नहीं करते हैं, तो आपकी पॉलिसी स्वचालित रूप से रिड्यूश्ड बेनीफिट्स के साथ रिड्यूश्ड पेड-अप पॉलिसी में बदल जाएगी।
पॉलिसी सरेंडर करने का कारण
ऐसे कई कारण हो सकते हैं जिनकी वजह से आप अपनी पॉलिसी सरेंडर करना चाहेंगे।
आप अपनी एंडोमेंट प्लान बंद कर सकते हैं यदि -
- आप वित्तीय कठिनाई का सामना कर रहे हैं और प्रीमियम का भुगतान करने में असमर्थ हैं।
- आपको निवेश करने के लिए एक बेहतर पॉलिसी मिल गई है। शायद यह आपके पास अभी मौजूद पॉलिसी की तुलना में ज्यादा रिटर्न और बेनीफिट्स प्रदान करती है।
- एंडोमेंट प्लान की अब उस इच्छित लक्ष्य के लिए आवश्यकता नहीं है जिसके लिए इसे खरीदा गया था।
सरेंडर वैल्यू क्या है?
यदि आप अपने वार्षिक प्रीमियम का भुगतान करते हैं और एक निश्चित अवधि के लिए पॉलिसी जारी रखते हैं, तो आपकी पॉलिसी एक निश्चित मूल्य प्राप्त कर लेगी जिसे सरेंडर वैल्यू के रूप में जाना जाता है। अब, यदि आप एक विशेष समय सीमा के बाद अपनी पॉलिसी सरेंडर करना चुनते हैं, तो यह राशि बीमाकर्ता आपको देगा ।
सरेंडर वैल्यू हासिल करने के लिए आपको पॉलिसी के लिए कम से कम 2 वर्षों तक सभी देय प्रीमियम का भुगतान करना होगा।
सरेंडर वैल्यू के प्रकार
सरेंडर वैल्यू दो प्रकार के होते हैं -
गारंटीशुदा सरेंडर वैल्यू
यह भुगतान किये गये कुल प्रीमियम का एक निश्चित प्रतिशत है। यह प्रतिशत विभिन्न उत्पादों और बीमाकर्ताओं के बीच भिन्न हो सकता है।
निम्नलिखित कारकों को गारंटीशुदा सरेंडर वैल्यू से बाहर रखा गया है:
- राइडर्स के लिए भुगतान किया गया कोई भी अतिरिक्त प्रीमियम
- कोई भी बोनस जो बीमाकर्ता ने आपको दिया हो।
हालाँकि, यह विभिन्न उत्पादों में भिन्न हो सकता है।
आप गारंटीशुदा सरेंडर वैल्यू की कैलकुलेशन कैसे करते हैं?
आप इस फॉर्मूला का उपयोग करके अपने गारंटीशुदा सरेंडर वैल्यू की कैलकुलेशन कर सकते हैं -
| जीएसवी = (जीएसवी फैक्टर × जीएसवी के लिए योग्य कुल प्रीमियम) + (जीएसवी फैक्टर × अर्जित बोनस / लॉयल्टी एडिशन / गारंटीशुदा एडिशन (यदि कोई हो) |
आइए इसे बेहतर ढंग से समझने के लिए एक उदाहरण देखें।
हरीश 20 साल की पॉलिसी अवधि के लिए 25 लाख रुपये की बीमा राशि के साथ एक पार्टिसिपेटिंग एंडोमेंट प्लान खरीदता है। वह सीमित भुगतान विकल्प का चयन करता है, जिसके लिए उसे 10 वर्षों के लिए 1,00,000 रुपये का वार्षिक प्रीमियम देना होगा।
हरीश ने कनाडा में अपनी पत्नी पायल की उच्च शिक्षा के लिए एंडोमेंट प्लान खरीदा था, लेकिन अब पायल को इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है। इसलिए 5वें वर्ष में हरीश ने एंडोमेंट प्लान को सरेंडर करने का फैसला किया।
आइए मान लें कि हरीश की पॉलिसी में छठे वर्ष के लिए 20% का जीएसवी कारक है और उसने इस पॉलिसी के तहत अब तक 20,000 रु रुपये का बोनस संचित किया है।
| जीएसवी कारक | 20% (अनुमानित) |
| भुगतान किया गया कुल प्रीमियम | रु. 5,00,000
(5 x 1,00,000)
|
| जीएसवी के लिए पात्र कुल प्रीमियम | 5,00,000 रुपये |
| अर्जित बोनस | रु 20,000 |
हरीश के प्लान के लिए जीएसवी का कैलकुलेशन निम्न फॉर्मूला का उपयोग करके किया जाएगा -
जीएसवी = (जीएसवी फैक्टर × जीएसवी के लिए योग्य कुल प्रीमियम) + (जीएसवी फैक्टर × अर्जित बोनस (यदि कोई हो) भुगतान किया गया बोनस यदि कोई हो तो
= (20% x 5,00,000) + (20% x 20,000) - (0)
= 1,00,000 + 4000
= रु.. 1,04,000
इस प्रकार, हरीश को एंडोमेंट प्लान के तहत 1,04,000 रुपये की गारंटीशुदा सरेंडर वैल्यू प्राप्त होगी।
स्पेशल सरेंड़र वैल्यू
स्पेशल सरेंड़र वैल्यू (एसएसवी) कई मानदंडों के आधार पर निर्धारित की जाती है। बीमा कंपनियों को आईआरडीएआई की पूर्व मंजूरी के साथ समय-समय पर स्पेशल सरेंड़र वैल्यू को संशोधित करने का अधिकार है।
एसएसवी निर्भर करता है -
- बीमा राशि
- पॉलिसी अवधि
- भुगतान किया गया प्रीमियम
- निवेश रिटर्न
- बोनस
- वित्तीय संपत्तियों जैसे स्टॉक आदि का बाजार मूल्य।
- जनसांख्यिकीय और अन्य कारक जैसे उम्र, आदि।
आप स्पेशल सरेंड़र वैल्यू की कैलकुलेशन कैसे करते हैं?
आप इस फॉर्मूला का उपयोग करके अपने स्पेशल सरेंड़र वैल्यू की कैलकुलेशन कर सकते हैं -
| एसएसवी = [बीमा राशि x (भुगतान किए गए प्रीमियम की संख्या / देय प्रीमियम की संख्या) + कुल प्राप्त बोनस] x स्पेशल सरेंड़र वैल्यू कारक |
अब आइए, हरीश का उदाहरण याद करें और समझें कि उसे अपने प्लान से कितनी स्पेशल सरेंड़र वैल्यू प्राप्त होगी। सरेंडर के समय उसकी पॉलिसी के लिए सरेंडर वैल्यू फैक्टर 20% मानें।
| एसएसवी कारक | 20% (अनुमानित) |
| बीमा राशि | रु. 25,00,000 |
| भुगतान किए गए प्रीमियम की कुल संख्या | 5 |
| देय प्रीमियम की कुल संख्या | 10 |
| अर्जित बोनस | Rs. 20,000 |
हरीश के प्लान के लिए एसएसवी का कैलकुलेशन निम्न फॉर्मूला का उपयोग करके किया जाएगा-
एसएसवी = [बीमा राशि x (भुगतान किए गए प्रीमियम की संख्या/देय प्रीमियम की संख्या) + प्राप्त कुल बोनस] x स्पेशल सरेंड़र वैल्यू कारक
= [25,00,000 x (5/10) + 20,000] x 20%
= [25,00,000 x 0.5 + 20,000] x 20%
= [12,50,000 + 20,000] x 20%
= 12,70,000 x 20%
= रु. 2,54,000
इस प्रकार, हरीश को उनके एंडोमेंट प्लान के तहत 2,54,000 रुपये की स्पेशल सरेंड़र वैल्यू प्राप्त होगी। ।
याद रखने योग्य कुछ बातें
- यदि आप अपने एंडोमेंट प्लान को सरेंडर करना चाहते हैं, तो आपको अपने बीमाकर्ता को सूचित करना होगा, जिसके बाद आपको सरेंडर वैल्यू प्राप्त होगी।
- आपको पॉलिसी सरेंडर करने का कारण बताना होगा और बीमाकर्ता को संबंधित डॉक्यूमेंट पेश करने होंगे।
- आपको सरेंडर वैल्यू का भुगतान करने के बाद, पॉलिसी समाप्त हो जाएगी।
एंडोमेंट प्लान को सरेंडर करने में क्या कदम शामिल हैं?
- यदि आपने किसी वित्तीय सलाहकार या बैंक के माध्यम से एंडोमेंट खरीदी है, तो उनसे उस जीएसवी या एसएसवी के बारे में पूछें, जिसे आप पॉलिसी अवधि के दौरान पॉलिसी सरेंडर करने पर प्राप्त करने के हकदार हैं।
- यदि आप पॉलिसी सरेंडर करना चाहते हैं, तो बीमा कंपनी या अपने वित्तीय सलाहकार से संपर्क करें और उन्हें सूचित करें।
- अगला कदम बीमाकर्ता के शाखा कार्यालय से सरेंडर फॉर्म प्राप्त करना है, या आप अपने बीमाकर्ता से इसे ईमेल करने के लिए कह सकते हैं। इसे उनकी वेबसाइट (यदि उपलब्ध हो) से डाउनलोड करना भी संभव है।
- सरेंडर फॉर्म को सावधानीपूर्वक भरें और भविष्य के संदर्भ के लिए फॉर्म की एक प्रति अपने पास रखें।
- भरा हुआ फॉर्म अन्य आवश्यक डॉक्यूमेंट्स के साथ बीमा कंपनी को जमा किया जाना चाहिए।
प्रस्तुत किए जाने वाले डॉक्यूमेंट्स:
- मूल पॉलिसी डॉक्यूमेंट
- रद्द किया गया चेक जिस पर आपका नाम है
- यदि रद्द किए गए चेक में पूर्व-मुद्रित नाम नहीं है और खाता संख्या या नया खाता चेक पर निर्दिष्ट है, तो पूर्व-मुद्रित नाम और खाता संख्या के साथ पासबुक की एक कॉपी या बैंक विवरण की आवश्यकता होगी।
- आईडी प्रूफ (पैन कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी)
- नवीनतम संपर्क विवरण
- एनआरई (एनआरई खाता विदेशी कमाई बचाने के लिए एनआरआई द्वारा भारत में स्थानीय बैंक में खोला गया बैंक खाता है) खाते से भुगतान किए गए किसी भी प्रीमियम को दर्शाने वाला बैंक विवरण
- आप फॉर्म और डॉक्यूमेंट बीमाकर्ता के कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से जमा कर सकते हैं या अपने वित्तीय सलाहकार को आपकी ओर से बीमाकर्ता को जमा करने के लिए कह सकते हैं।
- प्रस्तुत डॉक्यूमेंट्स को अधिकारियों द्वारा सत्यापित किया जाएगा। सफल सत्यापन के बाद, सरेंडर राशि आपके बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी।
अंत में!
समय के साथ, आपकी आय या खर्चे भिन्न हो सकते हैं, या आपके वित्तीय दायित्व बढ़ सकते हैं, जिससे आपके लिए बीमा प्रीमियम का भुगतान करना कठिन हो सकता है। कभी-कभी, आपको यह भी लग सकता है कि पॉलिसी आपके निवेश पर पर्याप्त रिटर्न नहीं देती है। इन परिस्थितियों में आप अपनी पॉलिसी सरेंडर कर सकते हैं। फिर भी, ऐसा कदम उठाने से पहले सभी कारकों पर विचार करना जरूरी है। प्लान को तभी सरेंडर करें जब यह आपकी बचत के लिए फायदेमंद और आकर्षक साबित हो। आप ऐसा करने के अपने निर्णय के बारे में अपने बीमाकर्ता को सूचित करना सुनिश्चित करें।
यदि आप अपने बीमाकर्ता को सूचित नहीं करते हैं या सरेंडर वैल्यू प्राप्त नहीं करना चाहते हैं तो क्या होगा? आइये देखते हैं - अगले अध्याय में!